देहरादून।
प्रदेश के पशुपालक और दुग्ध उत्पादकों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों से ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करते हुए सरकार ने दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना के तहत ₹11 करोड़ 20 लाख की द्वितीय किस्त जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश के मेहनती पशुपालकों के परिश्रम का सम्मान करना और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता है। यह राशि केवल एक सरकारी आंकड़ा नहीं, बल्कि उन परिवारों के सपनों और मेहनत को मिला संबल है, जो प्रतिदिन सुबह से ही डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने में जुटे रहते हैं।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को नई दिशा मिल रही है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रोत्साहन राशि बिना किसी देरी के सीधे पशुपालकों के खातों में पहुंचे, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
राज्य सरकार का उद्देश्य पशुपालकों की आय में निरंतर वृद्धि करना, डेयरी सेक्टर में पारदर्शी व्यवस्था लागू करना और देवभूमि में ‘श्वेत क्रांति’ के माध्यम से समृद्धि के नए द्वार खोलना है। मंत्री ने दोहराया कि पशुपालकों का कल्याण ही राज्य की प्रगति है, और इस दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।