पीपलकोटी (चमोली)।
पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टनल में हुई दुर्घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। मंगलवार को शिफ्ट परिवर्तन के दौरान सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपसी टक्कर की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने परियोजना स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
डीएम और एसपी ने टीएचडीसी एवं एचसीसी कंपनी के अधिकारियों के साथ घटनास्थल सहित पूरी सुरंग का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान टनल के भीतर चल रही कार्यप्रणाली, लोको संचालन प्रणाली, सिग्नल व्यवस्था तथा आपातकालीन सुरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लोको ट्रेनों की टक्कर की घटना को गंभीर मानते हुए मजिस्ट्रियल जांच शुरू कराने के आदेश दिए। साथ ही टीएचडीसी के महाप्रबंधक को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परियोजना स्थल पर कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए सभी आवश्यक तकनीकी व मानवीय सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने कार्यस्थल पर बनाए जा रहे श्रमिकों के एंट्री एवं एग्जिट रजिस्टर का भी निरीक्षण किया और इसे नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा सतत निगरानी में रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रमिकों की सटीक जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके।
उल्लेखनीय है कि बीती रात्रि शिफ्ट परिवर्तन के दौरान सुरंग के भीतर श्रमिकों के आवागमन में लगी दो लोको ट्रेनों के बीच टक्कर हो गई थी। उस समय टनल के अंदर कुल 109 श्रमिक मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और परियोजना प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया, जिससे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
इस अवसर पर टीएचडीसी के महाप्रबंधक अजय वर्मा, प्रबंधक के.पी. सिंह, विनोद कुमार (पीएम, एचसीसी), विजय शंकर सरोज (वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, एचसीसी), एसडीएम आर.के. पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास, चौकी प्रभारी पूनम खत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।