पौड़ी।
घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले में पीड़ित युवक का दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 दिसंबर 2025 को श्री जगमोहन निवासी बनगड़स्यू, पौड़ी ने कोतवाली पौड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 29 दिसंबर 2025 की रात्रि आकाश कुमार नामक व्यक्ति जबरन उनके घर के आंगन में घुस आया और उनके व उनके पिता के साथ गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर अभियुक्त ने धारदार पाठल (तेजधार हथियार) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे पीड़ित का दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया।
घटना राजस्व क्षेत्र बनगड़स्यू की होने के कारण प्रारंभिक रूप से कोतवाली पौड़ी में मुकदमा अपराध संख्या NIL/25 अंतर्गत धारा 115(2), 352, 351(2), 118(2) बीएनएसएस में पंजीकृत किया गया। इसके पश्चात राजस्व पुलिस चौकी में मु0अ0सं0–01/2025 दर्ज कर प्रकरण को उच्चाधिकारियों के आदेश पर राजस्व पुलिस से नियमित पुलिस को हस्तांतरित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार ने शीघ्र और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागसी-पतारसी, साक्ष्य संकलन और गहन विवेचना करते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप अभियुक्त आकाश कुमार को ग्राम बालमणा से गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार पाठल भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।