देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री शासकीय आवास परिसर में परिवार के साथ विभिन्न किस्मों के ट्यूलिप बल्ब लगाए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में ट्यूलिप सहित विभिन्न पुष्पों की खेती तेजी से उभरता हुआ स्वरोजगार का मजबूत विकल्प बन रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां पुष्प उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ व्यावसायिक पुष्प खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने बताया कि कृषि और बागवानी को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ₹1200 करोड़ की लागत से नई सेब नीति, कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति पर प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। इन योजनाओं के तहत आधुनिक बागवानी को बढ़ावा देते हुए किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना और उत्तराखण्ड को कृषि व बागवानी के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है।