पौड़ी।
सीनियर सिटीजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं एकल रूप से रह रहे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में 02 जनवरी 2026 को पाबों क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विशेष गश्त एवं जनसंपर्क अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एकल एवं असहाय रूप से रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उनकी कुशलक्षेम पूछी गई तथा दैनिक समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से संवाद किया गया।
पुलिस ने विशेष रूप से बुज़ुर्गों और महिलाओं को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध संदेशों पर बिल्कुल भरोसा न करें।
जनसंपर्क के दौरान पुलिस टीम ने आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए वरिष्ठ नागरिकों को महत्वपूर्ण पुलिस संपर्क नंबर उपलब्ध कराए। साथ ही डायल–112, स्थानीय चौकी एवं संबंधित बीट कर्मचारी के मोबाइल नंबरों की जानकारी भी दी गई।
पौड़ी पुलिस ने अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या साइबर ठगी से संबंधित घटना की सूचना बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में वे अकेले नहीं हैं।