देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित ‘उत्तराखण्ड माल्टा महोत्सव’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि माल्टा केवल एक पारंपरिक फल नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की जलवायु, मिट्टी और पहचान से गहराई से जुड़ा एक विशिष्ट उत्पाद है। विटामिन-सी से भरपूर, सुगंधित और स्वाद में अनूठा उत्तराखण्ड का माल्टा आज देशभर में अपनी गुणवत्ता के लिए पहचाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एप्पल और कीवी मिशन की तर्ज पर शीघ्र ही प्रदेश में ‘माल्टा मिशन’ की शुरुआत की जाएगी, जिससे माल्टा के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नींबू वर्गीय फसलों को प्रोत्साहन देकर किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ बागवानों को नवाचार, ब्रांडिंग और विपणन के लिए भी प्रेरित करते हैं, जिससे प्रदेश के कृषकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल तथा विधायक सविता हरबंस कपूर भी उपस्थित रहे।