श्रीनगर (पौड़ी)।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में श्रीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह रैली पौड़ी चुंगी से गोला बाजार तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मामले को लेकर जनता के मन में कई सवाल हैं, लेकिन सरकार उन्हें नजरअंदाज कर रही है।
रैली के बाद गोला बाजार में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि हत्याकांड में एक वीआईपी की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, बावजूद इसके सरकार निष्पक्ष जांच से बच रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के इरादे साफ हैं तो सीबीआई जांच से डरने की कोई वजह नहीं होनी चाहिए।
गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेशभर में जनता लंबे समय से आवाज उठा रही है, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस और निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस इसे जन आंदोलन का रूप देगी।
सभा को संबोधित करते हुए अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि न्याय की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अंकिता को इंसाफ नहीं मिल जाता।