पौड़ी। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 25 दिसंबर को थाना सतपुली में नाबालिग के परिजनों द्वारा तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नाबालिग की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चंद्र मोहन सिंह एवं क्षेत्राधिकारी पौड़ी तुषार बोरा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सतपुली को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके बाद थाना सतपुली की एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और लगातार प्रयासों के बाद नाबालिग बालिका को जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मामले में संलिप्त आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद नाबालिग का परिजनों की मौजूदगी में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उसे बाल कल्याण समिति (CWC) पौड़ी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। महिला संबंधी अपराध की पुष्टि होने पर विवेचना उच्चाधिकारियों के आदेश पर महिला उप निरीक्षक को सौंप दी गई।
नाबालिग के बयानों के आधार पर आरोपी को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट सीनियर डिवीजन, सतपुली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम में उप निरीक्षक सोहनलाल, हेड कॉन्स्टेबल हेमंत कुमार, कांस्टेबल प्रीति जुयाल एवं कांस्टेबल हरीश लाल शामिल रहे।