पौड़ी | 06 जनवरी 2026
नयार घाटी को साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन में आयोजित बैठक में महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में साहसिक गतिविधियों से संबंधित पंजीकरण प्रक्रिया, प्रतिभागियों के ठहराव, परिवहन व्यवस्था, उद्घाटन समारोह, पुरस्कार वितरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 26 से 28 फरवरी 2026 तक बिलखेत में तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान पैराग्लाइडिंग, क्याकिंग, माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी), साइक्लिंग एवं एंग्लिंग जैसी साहसिक गतिविधियां आयोजित होंगी। यह आयोजन जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
महोत्सव के अंतर्गत लैंसडाउन, बिलखेत एवं खिर्सू क्षेत्रों में माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि ढ़ाढूखाल से बिलखेत तक पैराग्लाइडिंग और नयार नदी में क्याकिंग व एंग्लिंग प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही बिलखेत में स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के साहसिक महोत्सव से न केवल नयार घाटी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, मत्स्य निरीक्षक एकता देवपा, जर्नी क्राफ्ट से मयंक, अजय कंडारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।