पौड़ी |
अंकिता हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में अंकिता के पिता ने आम जनता से एकजुट होकर संघर्ष में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो आज उनकी बेटी के साथ हुआ है, वह कल किसी और की बेटी के साथ न हो, इसके लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।
अंकिता के पिता ने कहा कि यह लड़ाई केवल उनकी बेटी के न्याय तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज की बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में शामिल सभी वीआईपी दोषियों को सलाखों के पीछे नहीं पहुंचाया जाता, तब तक कंधे से कंधा मिलाकर इस आंदोलन का हिस्सा बनना जरूरी है।
उन्होंने 11 जनवरी को प्रस्तावित उत्तराखंड बंद को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि यह बंद न्याय की मांग को मजबूती देने का माध्यम बनेगा। साथ ही उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
अंकिता के पिता ने कहा कि समाज की जागरूकता और एकजुटता ही भविष्य में बेटियों के साथ होने वाले अपराधों को रोकने में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।