सैलानी में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बुलडोजर से करीब 400 दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। बरेली के सैलानी में मुख्य सड़क के दोनों किनारे बनीं करीब 400 दुकानों के बाहर अवैध कब्जों पर शनिवार को नगर निगम का बुलडोजर चला। नाले-नालियों के ऊपर का अवैध निर्माण गिराया गया। दो घंटे तक चली कार्रवाई में नालों पर डाले गए स्लैब व टिन शेड हटाए गए। इस कार्रवाई को शहर में हुए बवाल से जोड़कर देखा जा रहा है। बवाल में नामजद सर्वाधिक आरोपी और उनके मददगार इसी इलाके के रहने वाले हैं। हालांकि, नगर आयुक्त ने इसे निगम की रूटीन कार्रवाई बताया है। भारी पुलिस बल और प्रशासन के अधिकारियों के साथ नगर निगम की टीम ने शनिवार दोपहर 1:45 बजे श्यामगंज के निकट सैलानी रोड पर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। शाम चार बजे तक नगर निगम के बुलडोजर ने दो किलोमीटर हिस्से में कार्रवाई की। दुकानों के बाहर नाले-नालियों पर बने स्लैब और चबूतरे तोड़े। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय, एडीएम प्रतिभा सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।