लैंसडौन।
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर सुराज सेवा दल ने बुधवार को लैंसडौन चौक पर प्रदर्शन करते हुए दर्शन भारती महाराज का पुतला दहन किया। इस दौरान संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि साधु-संत सनातन परंपरा में सर्वोच्च स्थान रखते हैं और उनसे अपेक्षा होती है कि वे छल-प्रपंच व नारी के प्रति दुर्भावना से दूर रहें। उन्होंने पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि संत के वेश में किए गए कृत्यों के दुष्परिणाम इतिहास में स्पष्ट हैं। जोशी ने आरोप लगाया कि दर्शन भारती को सनातन धर्म की मर्यादाओं का पालन करना चाहिए, न कि किसी राजनीतिक एजेंडे के तहत कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सनातन और भगवा की आड़ में नारी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि अंकिता को न्याय दिलाने की प्रक्रिया में कोई बाधा उत्पन्न करता है तो सुराज सेवा दल उसका विरोध करेगा और तथ्यों को सार्वजनिक करेगा। संगठन ने दोहराया कि अंकिता के माता-पिता भी CBI जांच की मांग कर रहे हैं, ऐसे में तत्काल प्रभाव से CBI जांच की संस्तुति की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में देवेंद्र बिष्ट, विपिन, पूजा बिष्ट, कावेरी जोशी, हिमांशु धामी, निधि, यश, संगीता, सत्येंद्र, घनश्याम, राहुल, सोनम, अमन, अभिनव, साहिल बेदी, बाबू, सुमित, अरविंद यादव, नितेश लक्ष्मी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।