कूटरचित आधार कार्ड से जमीन बिक्री का खुलासा, कोटद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पौड़ी गढ़वाल।
जनपद पौड़ी गढ़वाल में भूमि धोखाधड़ी के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए पौड़ी पुलिस ने एक बड़े जमीन घोटाले का पर्दाफाश किया है। लंबे समय से फरार चल रही भूमि घोटाले की मास्टरमाइंड अभियुक्ता नाजिया मंसूरी को कोटद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार सिंह के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में की गई।
मामले की शुरुआत 29 अप्रैल 2024 को हुई, जब श्रीमती लीला देवी, निवासी कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम दुर्गापुर, कोटद्वार स्थित उनके खेत संख्या-18 की भूमि को एक अज्ञात महिला द्वारा कूटरचित आधार कार्ड का प्रयोग करते हुए धोखाधड़ी से बेच दिया गया।
शिकायत के अनुसार अभियुक्तों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि को दो अलग-अलग महिलाओं के नाम
0.25 हेक्टेयर एवं
0.019 हेक्टेयर
के दो अलग-अलग विक्रय विलेखों के माध्यम से अवैध रूप से बेच दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच साइबर सेल कोटद्वार को सौंपी गई। गहन विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के बाद कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0-120/2024 अंतर्गत धारा 420/467/468/471/120-B भा.द.वि. में अभियोग पंजीकृत किया गया।
इस प्रकरण में पूर्व में अभियुक्त मकबूल अहमद एवं दुर्गा देवी को क्रमशः 17 एवं 19 सितंबर 2024 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। विवेचना पूर्ण होने के पश्चात अभियुक्त मकबूल, कौसर एवं दुर्गा देवी के विरुद्ध आरोपपत्र माननीय न्यायालय में प्रेषित किया जा चुका है।
शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी पौड़ी द्वारा कड़े निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार श्री रमेश तनवर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सर्विलांस एवं मुखबिर तंत्र की मदद से पतारसी-सुरागरसी करते हुए भूमि घोटाले की मास्टरमाइंड अभियुक्ता नाजिया मंसूरी को कोटद्वार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।