पौड़ी |
बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्र सांगलिया बल्ला में बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी, पौड़ी देवेन्द्र थपलियाल के दिशा-निर्देशों में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी संगीता तोमर ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बालिकाओं के संरक्षण तथा उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की सशक्त आधारशिला हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर पूजा देवी के परिवार में प्रथम बालिका के जन्म पर परिवार को शुभकामनाएं दी गईं और बेटी के स्वागत के रूप में महालक्ष्मी किट उपहार स्वरूप प्रदान की गई। वहीं सुपरवाइजर ममता द्वारा लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री शांति देवी, सहायिका सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल की सराहना करते हुए बालिकाओं के सम्मान, संरक्षण एवं सशक्तिकरण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।