पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद भर में सघन यातायात चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग, बिना लाइसेंस तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने जैसे मामलों में 117 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें श्रीनगर-06, पौड़ी-07, यातायात श्रीनगर-10, कोटद्वार-42, यातायात कोटद्वार-26, लक्ष्मणझूला-20, कालागढ़-01 और लैन्सडाउन-05 वाहन चालक शामिल हैं।
इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 190 वाहन चालकों पर भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 307 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संदेश दिया है।
पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।