पौड़ी। 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में विजय दिवस जनपद पौड़ी में हर्षोल्लास, गर्व और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शहीदों को नमन किया गया और वीर सैनिकों व वीरांगनाओं के सम्मान के साथ विविध देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
विजय दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एनसीसी कैडेट्स के नेतृत्व में एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट परिसर तक मार्च पास्ट निकाला। मार्च पास्ट को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने एजेंसी चौक पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पश्चात विधायक व अन्य अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस बल द्वारा शहीदों के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
इसके बाद प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजकुमार पोरी और मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने सभागार को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर वीर सैनिकों एवं शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन कर राष्ट्रसेवा में योगदान दे सकता है। उन्होंने 1971 के युद्ध में पौड़ी जनपद के 33 वीर सैनिकों के बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं से देशभक्ति, अनुशासन और सेवा-भाव को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि 1971 का भारत–पाकिस्तान युद्ध भारतीय सेना के शौर्य, साहस और रणनीतिक क्षमता का प्रतीक है, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने इसे केवल सैन्य विजय नहीं, बल्कि मानवता और न्याय की जीत बताया और जनपदवासियों को विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में 1971 के युद्ध में सहभागी एवं प्रत्यक्षदर्शी सेवानिवृत्त कैप्टन सत्य प्रकाश धस्माणा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस युद्ध में पाकिस्तान के 93,000 सैनिकों का आत्मसमर्पण भारतीय सैन्य इतिहास की अभूतपूर्व घटना है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता में पीएम श्री राइका पौड़ी की छात्रा ऐश्वर्या नौटियाल (प्रथम), राइका मैसमौर की आंचल (द्वितीय) और डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी की मरियम (तृतीय) को सम्मानित किया गया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में राइका पैडुल की प्राची (प्रथम), राइका क्यार्क के लोकेन्द्र शाह (द्वितीय) और पीएम श्री राइका पौड़ी की कविता (तृतीय) को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह रावत, सहित अनेक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी, शहीद सैनिकों की वीरांगनाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।