कोटद्वार:
कोटद्वार शहर में लंबे समय से चुपचाप चल रहे अवैध सट्टे के खेल का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। आर्मी कैंटीन के पास आमपड़ाव क्षेत्र में सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए कोटद्वार पुलिस ने चार लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से हजारों रुपये की नकदी और सट्टा सामग्री बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल श्री सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में सट्टा और जुए के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में गठित टीम ने 16 दिसंबर को गुप्त सूचना के आधार पर आर्मी कैंटीन के पास छापेमारी की।
छापे के दौरान फकीरा, सुनील कुमार, सतेन्द्र सिंह और अमन कुमार सट्टे का हिसाब-किताब करते पाए गए। तलाशी में उनके कब्जे से ₹21,350 नकद, सट्टा गत्ता डायरियां और पेन बरामद किए गए। पुलिस ने चारों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद राशि:
फकीरा (49) – ₹7,210
सुनील कुमार (27) – ₹5,350
सतेन्द्र सिंह (46) – ₹4,900
अमन कुमार (26) – ₹3,890
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद चपराना, अपर उपनिरीक्षक सुशील चौधरी (सीआईयू), मुख्य आरक्षी इकबाल मलिक और आरक्षी हरीश (सीआईयू) शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सट्टे और जुए के नेटवर्क को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।