नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)।
नरेंद्रनगर ब्लॉक के चलड़ गांव में जंगल से सटे क्षेत्र में बकरी चराने गए एक युवक पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय नेगी उनियाल, निवासी उनियाल गांव, पोस्ट ऑफिस उनियाल गांव, जनपद टिहरी गढ़वाल, रोज़ की तरह बकरियों को चराने के लिए गांव के समीप जंगल की ओर गया था। इसी दौरान घात लगाए भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया। भालू के हमले से युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल युवक को तत्काल श्रीदेव सुमन उप जिला अस्पताल, नरेंद्रनगर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे गहरी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना संबंधित विभागों को दे दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों भालुओं की सक्रियता बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों और पशुपालकों को जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग जंगल की ओर जाने से कतरा रहे हैं।