पौड़ी | 20 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी में संचालित “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत जिवई के सुकई गांव में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत भवन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता तहसीलदार बीरोंखाल शंकर सिंह ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत महिला मंगल दल सुकई के स्वागत गीत से हुई।
ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के आतंक, घेरबाड़ निर्माण, विद्युत लाइन परिवर्तन, सड़क मरम्मत व मोटर मार्ग निर्माण से जुड़ी समस्याएं रखीं। शिविर में कुल 16 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 37 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, वहीं आयुष विभाग ने 55 लोगों की जांच की। पशुपालन विभाग ने 11 लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा, जबकि कृषि विभाग ने पीएम किसान सम्मान निधि के लिए 3 आवेदन दर्ज किए। शिविर में एनआरएलएम समूहों की महिलाओं द्वारा स्थानीय उत्पादों व पहाड़ी सब्जियों का प्रदर्शन और विक्रय भी किया गया।
ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि अब छोटे कार्यों के लिए तहसील या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और समस्याओं का समाधान गांव में ही हो रहा है।
शिविर में राजस्व, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, वन, चिकित्सा, आयुष सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दरिया बैजरो संध्या देवी, ग्राम प्रधान सुकई लता देवी, ग्राम प्रधान जिवई श्वेता देवी, कर्नल (सेनि.) यशपाल सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी एस.एस. बुटोला, खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।