पौड़ी | 21 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार ठोस पहल कर रही है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में पशुपालकों और मत्स्य पालकों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की एक प्रभावी व्यवस्था लागू की गई है।
पशुपालन विभाग द्वारा स्थानीय उत्पादों के लिए सुनिश्चित बाजार विकसित करते हुए मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र, श्रीनगर गढ़वाल के बीच सहमति ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस समझौते के तहत अब स्थानीय पशुपालकों द्वारा एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र को भेड़, बकरी, पोल्ट्री (ब्रॉयलर) एवं अन्य मांस उत्पादों की नियमित, ताजा और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति की जाएगी। वहीं जनपदीय मत्स्य प्रभारी द्वारा मछली आपूर्ति के लिए अलग अनुबंध किया गया है, जिससे मत्स्य पालकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
इस पहल से बिचौलियों की भूमिका सीमित होगी और उत्पादकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादन और उपभोग को बढ़ावा मिलने से परिवहन लागत में कमी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान और वाइब्रेंट विलेज योजना की भावना के अनुरूप है तथा भविष्य में अन्य स्थानीय उत्पादों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।
यह मॉडल न केवल ग्रामीण आजीविका को सशक्त करेगा, बल्कि जनपद पौड़ी गढ़वाल को स्थानीय उत्पादन आधारित आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।