देहरादून |
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून स्थित डालनवाला थाना का बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मुख्यमंत्री के अचानक थाने पहुंचने से अफसरों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को थाना प्रभारी (कोतवाल) अपनी ड्यूटी से नदारत मिले। इस पर मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी जताते हुए इसे कानून व्यवस्था और जनसेवा में गंभीर लापरवाही करार दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस प्रकार की लापरवाही अपराध की श्रेणी में आती है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने तत्काल प्रभाव से कोतवाल को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने थाने की व्यवस्थाओं, फरियादियों से व्यवहार और रजिस्टरों की भी जांच की तथा पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि थाना जनसेवा का केंद्र बने, न कि केवल औपचारिकता का स्थान।
इस औचक निरीक्षण के बाद पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई तय है।