32 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: विधायक रेनू बिष्ट
पौड़ी, 23 दिसंबर 2025।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड द्वारीखाल की न्याय पंचायत डाबर स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज देवीखेत में विधायक रेनू बिष्ट की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 32 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में लोक निर्माण विभाग एवं पेयजल निगम से संबंधित मामलों की संख्या अधिक रही।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनकर त्वरित समाधान करना है। सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बहुउद्देश्यीय शिविरों के माध्यम से शासन-प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
नोडल अधिकारी शिविर एवं अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी ने बताया कि शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रेषित किया गया है।
शिविर में आयुष विभाग द्वारा 39 लोगों को आयुर्वेदिक दवा एवं परामर्श, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 23 लोगों को दवा वितरण व परामर्श, पशुपालन विभाग द्वारा 18 लाभार्थियों को दवा व पशु चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। उद्योग विभाग ने 12 लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी, जबकि 16 लोगों को बैंकर्स द्वारा वित्तीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
इसके अतिरिक्त बाल विकास, पशुपालन, स्वास्थ्य, उद्योग, बैंकर्स, कृषि, सहकारिता, सेवायोजन, डेयरी एवं विद्युत विभाग द्वारा विभागीय स्टॉल लगाकर स्थानीय जनता को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य सुराड़ी अर्जुन सिंह, ग्राम प्रधान डाबर सुरेश ममगाईं, एसडीओ वन अनामिका सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि लैंसडौन विवेक कुमार, दुगड्डा निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई अनिल राठौर, अधिशासी अभियंता जल निगम आशीष मिश्रा, जयपाल सिंह बिष्ट सहित क्षेत्र के अनेक लाभार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।