रुद्रप्रयाग।
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अध्यक्ष श्री भारत भूषण भट्ट की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम जिले के सभी मंडल मुख्यालयों एवं प्रत्येक बूथ स्तर पर भी आयोजित किया गया।
इसके पश्चात भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में रुद्रप्रयाग विधानसभा द्वारा अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता रुद्रप्रयाग विधायक श्री भरत सिंह चौधरी ने अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेई जी के अखंड राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और सर्वसमावेशी विकास की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी, जिसे आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा रहा है।
स्मृति सम्मेलन में पूर्व जिला अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने का अटल जी का सपना आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों और दृढ़ नेतृत्व में साकार हो रहा है।
वहीं केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने गुप्तकाशी मंडल में अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी एक कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता और दूरदृष्टा नेता थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दी। उनका संपूर्ण जीवन सुशासन, संवेदनशीलता और सर्वसमावेशी विकास को समर्पित रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि अटल जी द्वारा स्थापित “सुशासन के साथ विकास” का मूल मंत्र आज भी भाजपा सरकारों के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार उनकी नीतियों का अनुसरण करते हुए विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने जानकारी दी कि केदारनाथ विधानसभा का अटल स्मृति सम्मेलन आगामी 28 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, राज्य मंत्री विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, जिला उपाध्यक्ष विनोद देवशाली, भूपेंद्र भंडारी, विभिन्न मोर्चा अध्यक्ष सुमन जमलोकी, आशीष कंडारी, सतीश गोस्वामी, यशवीर चौहान, हर्ष लाल, मुकीम अहमद सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, जिला व मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।