देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर जनपद चमोली के विकासखंड देवाल, ग्राम सभा मुंदोली निवासी भूतपूर्व सैनिक एवं अंतर्राष्ट्रीय एथलीट श्री कलम सिंह बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ओमान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय स्तर की 120 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि कठिन रेगिस्तानी और पथरीले मार्गों पर आयोजित इस अत्यंत चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता में विश्वभर के अनुभवी धावकों को पीछे छोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त करना असाधारण उपलब्धि है।
सैन्य अनुशासन और संकल्प का परिणाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कलम सिंह बिष्ट की यह सफलता उनके सैन्य अनुशासन, कठोर परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति और अटूट संकल्प का परिणाम है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का कार्य किया है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि श्री बिष्ट की यह ऐतिहासिक जीत प्रदेश और देश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और उत्तराखंड को खेल प्रतिभाओं की भूमि के रूप में नई पहचान दिलाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री बिष्ट को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।