श्रीनगर (गढ़वाल) |
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के शोधार्थी मयंक रावत ने एग्रीकल्चर एक्सटेंशन विषय में आईसीएआर–एएसआरबी (ICAR-ASRB) नेट परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर विश्वविद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया है।
मयंक रावत ने अपनी स्नातक शिक्षा श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज से तथा परास्नातक शिक्षा एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग से पूर्ण की है। वर्तमान में वे ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह नेगी के निर्देशन में उत्तराखंड की पहाड़ी खेती से सतत आजीविका विषय पर शोध कार्य कर रहे हैं।
उनकी यह उपलब्धि निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। मयंक की सफलता पर विश्वविद्यालय परिवार, विभागीय शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह सफलता न केवल विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े शोध को भी नई दिशा प्रदान करेगी।