देहरादून | 26 दिसंबर 2025
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाते हुए उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में जोरदार प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन का आयोजन उत्तराखंड युवा कांग्रेस की उपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति नेगी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य की बेटियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है, लेकिन सरकार इस मामले में खामोश बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि अंकिता भंडारी मामले की जांच सीबीआई, माननीय हाईकोर्ट या माननीय सुप्रीम कोर्ट के किसी सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए, ताकि पीड़िता को निष्पक्ष और शीघ्र न्याय मिल सके।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से इस गंभीर मामले में संवेदनशीलता दिखाने और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की अपील की।