पौड़ी गढ़वाल।
राज्य सरकार द्वारा पशुपालकों को सुदृढ़, सुलभ एवं आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक मॉडल पशु चिकित्सालय का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के साकार होने से पशुपालकों को पशुओं के उपचार, देखभाल एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए अब दूरस्थ शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल पशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगी, बल्कि पशुधन संरक्षण, संवर्धन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
अपर निदेशक पशुपालन, गढ़वाल मंडल डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीनगर में प्रस्तावित मॉडल पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए कुल 377.61 लाख रुपये की स्वीकृत लागत निर्धारित की गई है, जिसके सापेक्ष 113.28 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह चिकित्सालय गढ़वाल मंडल का एक प्रमुख एवं आधुनिक पशु चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित होगा।
उन्होंने बताया कि इस मॉडल पशु चिकित्सालय में पशुओं के उपचार हेतु डिजिटल एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड सुविधा, आधुनिक पैथोलॉजी प्रयोगशाला जिसमें रक्त, मूत्र एवं बायोकेमिकल जांच की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही बड़े एवं छोटे पशुओं के लिए सुसज्जित ऑपरेशन थियेटर, ओपीडी एवं विशेषज्ञ परामर्श सेवाएं, इंडोर वार्ड एवं भर्ती उपचार व्यवस्था तथा संक्रामक रोगों के लिए पृथक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त पशुपालकों के लिए चारा, पोषण एवं वैज्ञानिक पशुपालन से संबंधित परामर्श केंद्र की भी व्यवस्था की जाएगी। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा हेतु आवासीय भवनों के निर्माण का भी प्रस्ताव शामिल है।
अपर निदेशक ने बताया कि इस चिकित्सालय के संचालन से पशुपालकों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण, त्वरित एवं विश्वसनीय पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उपचार में होने वाली देरी पर प्रभावी रोक लगेगी और पशुधन की उत्पादकता में वृद्धि होगी। यह मॉडल पशु चिकित्सालय पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ पशुधन संरक्षण एवं संवर्धन में भी मील का पत्थर सिद्ध होगा।