ऋषिकेश | उत्तराखंड
ऋषिकेश क्षेत्र में वन भूमि को लेकर चल रहे विवाद ने रविवार को उग्र रूप ले लिया, जब प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रण में किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि वन भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के तहत कार्रवाई की जा रही है और किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि उन्हें बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया जा रहा है।
अब तक की कार्रवाई में मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा घेरे बनाए गए तथा स्थिति पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।