भिकियासैंण (अल्मोड़ा)।
उत्तराखंड में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अल्मोड़ा जिले की भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में विनायक के पास सैलापानी के समीप एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 7 यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह यात्री बस द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही थी। सैलापानी के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही भतरौजखान पुलिस, प्रशासन, आपदा प्रबंधन की टीमें तथा स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इसके बावजूद राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
अब तक खाई से कई शवों को बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतकों की शिनाख्त और पते की जानकारी जुटाने का कार्य प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।