पौड़ी।
नववर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाए जाने को लेकर पाबौ चौकी परिसर में पुलिस द्वारा एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रवासियों के साथ होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए चौकी प्रभारी मुकेश गैरोला ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नववर्ष के अवसर पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने होटल व गेस्ट हाउस संचालकों को निर्देशित किया कि ठहरने वाले यात्रियों की पहचान से संबंधित वैध आईडी अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
चौकी प्रभारी ने साइबर ठगी के मामलों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि नववर्ष के दौरान साइबर ठग शुभकामना संदेशों और फर्जी लिंक के माध्यम से ठगी की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक को न खोलने और संदिग्ध संदेश मिलने पर तुरंत सतर्क रहने की अपील की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस के टोल फ्री नंबर पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि नववर्ष के दौरान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।