पौड़ी।
जनपद पौड़ी गढ़वाल के मुख्यालय स्थित बालिका एवं बालक अंबेडकर छात्रावासों में सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों की स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया को निर्देशित किया कि दोनों छात्रावासों में प्रत्येक माह कम से कम एक बार चिकित्सकों द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। साथ ही मेस व्यवस्था को सुदृढ़ करने, निर्धारित मेनू तैयार कर उसे प्रदर्शित करने तथा मेनू के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने छात्रावासों में खेलकूद की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा बर्तनों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाथरूम, कमरों एवं मेस की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, वॉशरूम एवं विद्युत व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बालक छात्रावास में निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकों की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से आवश्यक पुस्तकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि शीघ्र पुस्तकें उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही वॉशरूम की छत एवं दीवारों में सीलन की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप दोनों छात्रावासों में स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा आवश्यक मरम्मत, खेल सामग्री एवं पुस्तकों की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।