पौड़ी।
घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। बुधवार को होटल, ढाबों व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कुल 129 होटल-ढाबों की जांच की गई।
अभियान के दौरान घरेलू गैस के दुरुपयोग के 19 मामले सामने आए, जिनमें विभाग द्वारा मौके पर ही ₹43,700 का जुर्माना वसूल किया गया। कार्रवाई से जनपद भर में हड़कंप मच गया और होटल संचालकों को नियमों के पालन की चेतावनी दी गई।
पौड़ी नगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शैलेंद्र बडोला के नेतृत्व में 24 होटल व ढाबों का निरीक्षण किया गया। यहां 9 घरेलू सिलेंडर पाए जाने पर ₹20,700 का जुर्माना लगाया गया। दुगड्डा क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी कृष्ण बौंठियाल की टीम ने 14 होटलों की जांच की। उफरैंखाल क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक शशिबाला रावत एवं विशेष राठौड़ के नेतृत्व में 11 होटलों का निरीक्षण किया गया, जहां एक घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग पर ₹2,300 का जुर्माना लगाया गया।
खोलाचौरी एवं घुड़दौड़ी क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत की टीम ने 14 होटलों की जांच की। नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक विजय कैंतुरा के नेतृत्व में 19 होटलों का निरीक्षण किया गया, जहां 7 घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर ₹16,100 का जुर्माना किया गया। वहीं नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करण सिंह क्षेत्री की टीम ने 24 होटलों का निरीक्षण कर 2 घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग पर ₹4,600 का जुर्माना लगाया।
इसके अतिरिक्त नीलकंठ व लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षक ज्योति नेगी एवं दिव्या मुखिया के नेतृत्व में 23 होटलों की जांच की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियम विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।