पोखड़ा के गडरी न्याय पंचायत में लगा बहुउद्देशीय शिविर
पौड़ी।
प्रदेश सरकार की जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार पहल के तहत विकासखंड पोखड़ा की न्याय पंचायत गडरी में बुधवार को एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान क्षेत्र से कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 215 लोगों को अलग–अलग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने की। उन्होंने कहा कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान सरकार की एक प्रभावी पहल है, जिसके तहत ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। प्रशासन स्वयं गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका समाधान कर रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत हो रहा है।
शिविर में बाल विकास, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान परियोजना सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें मौके पर ही लाभ भी प्रदान किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही समस्याओं का समाधान होने से समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह, जिला पंचायत सदस्य बलवंत नेगी, ग्राम प्रधान कोला रश्मि देवी, ग्राम विकास अधिकारी सुमन देवी, कनिष्ठ अभियंता देवेंद्र चौहान सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।