श्रीनगर/पौड़ी।
नववर्ष के पहले दिन श्रीनगर क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों ने अनोखा कीर्तिमान स्थापित कर दिया। शहर के तमाम नाकों पर दिनभर पुलिस चेकिंग होती रही, लेकिन श्रीनगर क्षेत्र में एक भी शराबी वाहन चालक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। जबकि गंगा दर्शन, श्रीकोट डैम साइड, बुघानी रोड समेत कई इलाकों में नए साल के जश्न के दौरान दावतें चलने की सूचनाएं सामने आई हैं।
दूसरी ओर, जनपद स्तर पर पौड़ी पुलिस ने साल के पहले ही दिन सख्ती का स्पष्ट संदेश दिया। नववर्ष के जश्न की आड़ में कानून उल्लंघन और नशे में ड्राइविंग को किसी भी हाल में बर्दाश्त न करने के इरादे से जिलेभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
पौड़ी पुलिस ने सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 07 चालकों (कोटद्वार – 06, पौड़ी – 01) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को मौके पर ही सीज किया गया। साथ ही संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी अमल में लाई गई।
इसके अतिरिक्त, नववर्ष के जश्न के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 81 वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है, वहीं आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की गई है।