पौड़ी | 03 जनवरी 2026
जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड पोखड़ा की न्याय पंचायत देवराड़ी देवी में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने की।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 7 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 64 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविरों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य आपूर्ति, कृषि, उद्यान, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, बाल विकास, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए थे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संध्या गुसाईं, कनिष्ठ प्रमुख संजय जोशी, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी ऋतु कुकरेती, ग्राम प्रधान देवराड़ी हरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।