कर्णप्रयाग/चमोली।
औली भ्रमण के बाद वापस लौट रहे छत्तीसगढ़ के एक पर्यटक का कीमती बैग रास्ते में सड़क पर गिर गया, जिसे ईमानदार नागरिकों और चमोली पुलिस की मुस्तैदी से सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचा दिया गया। इस सराहनीय कार्य को लेकर पर्यटक व उनके परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की है।
जानकारी के अनुसार, सूरज पुत्र हरिकेश सिंह, निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़), औली से लौटते समय कर्णप्रयाग के बाबा आश्रम के पास वाहन से उनका एक बैग गिर गया। इसकी जानकारी उन्हें काफी देर बाद हुई। बैग में ₹3290 नगद, पर्स, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, एयर बड्स, जूते व कपड़े सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान मौजूद था।
इसी दौरान पीछे से आ रहे कुछ जिम्मेदार नागरिकों की नजर सड़क पर पड़े बैग पर पड़ी। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए बिना देर किए बैग को चौकी बाजार कर्णप्रयाग पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा जांच करने पर बैग में रखा सारा सामान सुरक्षित पाया गया, हालांकि उसमें कोई संपर्क नंबर नहीं मिला।
इसके बाद चमोली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और पेशेवर सूझबूझ का परिचय देते हुए बैग के मालिक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पर्स में एक बैंक जमा पर्ची मिली, जिसमें बैग मालिक द्वारा अपने भाई के खाते में धन जमा करने का विवरण दर्ज था। उसी पर्ची से भाई सन्नी का मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ।
इस नंबर पर अपर उप निरीक्षक राजीव कुमार द्वारा संपर्क किया गया, जिससे पुष्टि हुई कि बैग सूरज का ही है। उस समय तक सूरज धारी देवी होते हुए श्रीनगर पहुंच चुके थे। सूरज ने पुलिस को बताया कि 02 जनवरी 2026 को औली से कर्णप्रयाग आ रही एक गाड़ी में उनके परिचित आ रहे हैं, जिनके माध्यम से बैग उन्हें सौंप दिया जाए।
सभी आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस द्वारा आज उक्त बैग सूरज के परिचित शाहरुख पुत्र हारून अली को पूरी तरह सुरक्षित व सही-सलामत सुपुर्द कर दिया गया।
अपना कीमती सामान सुरक्षित मिलने पर सूरज और उनके परिजनों ने थाना कर्णप्रयाग, चौकी बाजार तथा सम्पूर्ण चमोली पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और भरोसेमंद कार्यशैली की दिल खोलकर सराहना की।
पुलिस टीम:
अपर उप निरीक्षक – राजीव कुमार
हेड कांस्टेबल – भगत लाल
कांस्टेबल – नरेश नेगी
कांस्टेबल – मनबीर सिंह