पौड़ी/कोटद्वार।
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ई-रिक्शा लाभार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में जिला उद्योग केन्द्र, कोटद्वार एवं हंस उद्यमिता मिशन के संयुक्त तत्वावधान में तकनीकी उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान महिन्द्रा कंपनी से आए तकनीशियनों एवं स्टाफ ने ई-रिक्शा के संचालन, रखरखाव और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान ई-रिक्शा संचालन में सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं—विशेषकर बैटरी क्षमता, संचालन रेंज और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता—पर गहन चर्चा हुई। लाभार्थियों ने स्पेयर पार्ट्स की कमी को एक गंभीर समस्या के रूप में सामने रखा।
इसके साथ ही ई-रिक्शा के लिए पृथक सर्विस सेंटर की अनुपलब्धता, वारंटी अवधि बढ़ाने से संबंधित स्पष्ट लिखित जानकारी के अभाव तथा चार्जिंग साइन न होने से उत्पन्न समस्याओं को भी उठाया गया। महिन्द्रा कंपनी के प्रतिनिधियों ने इन सभी बिंदुओं पर उचित समाधान और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में हंस उद्यमिता मिशन के टीम लीड कमल नयन बडोनी, एएफसी इंडिया से राज्य परियोजना प्रबंधक सुशील थपलियाल, संदीप, सौरभ, जिला उद्योग केन्द्र की प्रबंधक उपासना सिंह, तथा महिन्द्रा कंपनी से नरेन्द्र सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लाभार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार को अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।