जनपद में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जुआ/सट्टे की खाई–बाड़ी करते हुए दो अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी और सूचना संकलन किया जा रहा था। इसी क्रम में 03 जनवरी 2026 को रेलवे पटरी के समीप कोटद्वार क्षेत्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद शफीक उर्फ बाबू एवं गुलजार उर्फ सद्दाम को सट्टा लगाते हुए गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से ₹5,190 नकद, सट्टा पर्चियां, डायरी एवं पेन बरामद किए हैं। इस संबंध में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार में जुआ अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ व सट्टा कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।