पौड़ी।
प्रदेश के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक ओर जहां कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) कथित वायरल वीडियो के आधार पर मामले में वीआईपी की भूमिका का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है।
रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर के समीप भाजपा महिला मोर्चा के तत्वावधान में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना ठोस सबूत के मामले को राजनीतिक लाभ के लिए उछाल रही है।
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी ने कहा कि यदि कांग्रेस के पास कोई ठोस और प्रमाणिक सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने लाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जांच के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन बिना प्रमाण के लगाए जा रहे आरोप केवल राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस गंभीर और संवेदनशील मामले में “झंडा-डंडा लेकर सियासी रोटियां सेकने” का काम कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के समीप कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की और मामले में सबूत पेश करने की मांग की।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत, महिला मोर्चा सतपुली मंडल अध्यक्ष रेनू घंड़ियाल, महामंत्री मलती जुयाल, उपाध्यक्ष पुष्पा असवाल, जिला कार्यकारिणी सदस्य ममता ध्यानी, जिला मीडिया प्रभारी गंगा खंतवाल, श्रीनगर से जिला कार्यकारिणी सदस्य ललिता नेगी, राजलक्ष्मी रेखा रावत, दीपा भट्ट, रेनू सुंदर्याल, नगमा तौफीक, सतेश्वरी रावत, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष जगमोहन नेगी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।