पौड़ी। महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति पौड़ी पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई एक बार फिर देखने को मिली है। लक्ष्मणझूला क्षेत्र से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी 2025 को लक्ष्मणझूला निवासी एक व्यक्ति द्वारा थाना लक्ष्मणझूला में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से चली गई है। परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बावजूद जब बालिका का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस में शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर थाना लक्ष्मणझूला में मुकदमा संख्या 03/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर प्रकरण की जांच एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को सौंपी गई। AHTU एवं CIU की संयुक्त टीम ने तकनीकी सर्विलांस के साथ-साथ लगातार सुरागरसी करते हुए बालिका की तलाश तेज की।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लापता नाबालिग बालिका एक युवक के साथ गाजियाबाद क्षेत्र में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मुरादनगर, गाजियाबाद में दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद AHTU कार्यालय में बाल कल्याण समिति (CWC) सदस्य की उपस्थिति में बालिका की काउंसलिंग कराई गई। चिकित्सीय परीक्षण के उपरांत सुरक्षा की दृष्टि से बालिका को राजकीय किशोरी/महिला कल्याण गृह, सिम्बलचौड़ में दाखिल कराया गया है।
प्रकरण में संलिप्त अभियुक्त जगावर निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पौड़ी पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।