पौड़ी। जन जन की सरकार–जन जन के द्वार अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत फरसाड़ी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 22 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके साथ ही शिविर में 88 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने कहा कि जन जन की सरकार–जन जन के द्वार अभियान के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे आम जनता तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही आवेदन भी भरवाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी सुदर्शन बुटोला, पीएमजीएसवाई से सुनीता राणा, विद्युत विभाग से मानस कुमार, पशुपालन विभाग से बालम सिंह, सिंचाई विभाग से पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।