ल्वाली न्याय पंचायत में बहुउद्देशीय शिविर, 39 शिकायतें दर्ज, 113 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
पौड़ी | 07 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विकासखंड पौड़ी के अंतर्गत न्याय पंचायत ल्वाली में बुधवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान कुल 39 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने की। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विशेष रूप से पेयजल से जुड़ी शिकायतों पर उन्होंने संबंधित विभाग को मौके पर निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“गांव में ही मिले समाधान”
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव और क्षेत्र में ही किया जाए। इसके लिए सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को फील्ड में जाकर आमजन से सीधे संवाद स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर ग्रामीणों को मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर से बचाया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय समन्वय और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
स्टालों का निरीक्षण, लाभार्थियों को सहायता
शिविर के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टाल पर 5 किशोरी किट और 2 महालक्ष्मी किट वितरित की गईं, साथ ही 1 गोद भराई एवं 1 अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
एनआरएलएम के अंतर्गत महालक्ष्मी स्वयं सहायता समूह एवं डांडा नागराजा स्वयं सहायता समूह को 3-3 लाख रुपये के सीसीएल चेक प्रदान किए गए। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत इंटरप्राइजेज के लिए नीतू देवी एवं सुशीला देवी को 75-75 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा 5 जरूरतमंद लोगों को कंबल भी वितरित किए गए।
23 विभागों की सहभागिता
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, समाज कल्याण, बाल विकास, सैनिक कल्याण, एनआरएलएम, राजस्व सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। आधार कैंप के माध्यम से 10 लोगों के आधार अपडेट भी किए गए।
ये रहे मौजूद अधिकारी
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, अपर निदेशक पशुपालन डॉ. बी.एस. जंगपांगी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, ग्राम प्रधान कड़ाकोट हरिमोहन जुयाल, ग्राम प्रधान ल्वाली नीलम रावत, ग्राम प्रधान धनाऊ कमल रावत, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सेनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, पीडी स्वजल दीपक रावत सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।