देहरादून | 07 जनवरी 2026
थाना नेहरू कॉलोनी और थाना डालनवाला में दर्ज मामलों के संबंध में उर्मिला सनावर बुधवार को पुलिस जांच में उपस्थित हुईं। पूर्व में जारी नोटिस के अनुपालन में वह जांच अधिकारियों के समक्ष पेश हुईं, जहां दोनों मामलों के विवेचकों द्वारा उनके बयान दर्ज किए गए।
बयान की ऑडियो–वीडियो रिकॉर्डिंग
जांच की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उर्मिला सनावर के बयान ऑडियो और वीडियो माध्यम से रिकॉर्ड किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह रिकॉर्डिंग आगे की विवेचना में साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखी जाएगी।
सुरेश राठौड़ से बातचीत की ऑडियो क्लिप सौंपी
उर्मिला सनावर ने विवेचकों को सुरेश राठौड़ के साथ हुई बातचीत की एक ऑडियो क्लिप भी सौंपी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि उक्त ऑडियो क्लिप का विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL), देहरादून में वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाएगा, ताकि उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि हो सके।
सोशल मीडिया पर बताए गए अन्य साक्ष्य नहीं किए गए प्रस्तुत
विवेचकों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन दावों को लेकर भी पूछताछ की, जिनमें उर्मिला सनावर द्वारा कई अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे जाने की बात कही जा रही थी। इस पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विवेचना के दौरान कोई अतिरिक्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया।
सुरक्षा को लेकर एसएसपी से लगाई गुहार
उर्मिला सनावर ने अपनी सुरक्षा को लेकर एसएसपी देहरादून के आवास कार्यालय में प्रार्थना पत्र सौंपा है। एसएसपी देहरादून ने इस संबंध में एलआईयू (LIU) से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पुलिस का रुख
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, दर्ज बयानों और FSL रिपोर्ट के आधार पर जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी। सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।