पौड़ी | 08 जनवरी 2026
जनपद पौड़ी में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन ने एक अहम पहल की है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में मुख्यालय सहित दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील मार्गों पर सड़कों में बने गड्ढों को भरने का विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व संभागीय परिवहन अधिकारी विमल पांडे द्वारा किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गड्ढों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना तथा आमजन को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से यह कार्य योजनाबद्ध, प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया गया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग (पौड़ी) एवं नगर पालिका परिषद पौड़ी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई।
आरटीओ विमल पांडे ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के साथ किया गया यह प्रयास आने वाले समय में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।