कर्णप्रयाग।
नगर क्षेत्र के कर्णप्रयाग मार्केट स्थित पीपल चौक के पास गुरुवार (08 जनवरी 2026) को नशे में धुत एक ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक मासूम बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान शंकर पुत्र मन्नापुरम, निवासी सिमली, उम्र 26 वर्ष के रूप में की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।
हादसे के समय बच्चे के परिजन मौके पर मौजूद थे। गनीमत रही कि बच्चे को गंभीर चोटें नहीं आईं। घायल बच्चे को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जो आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें नशे की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही ट्रक संख्या UK14CA 0758 को मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में सीज कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।