हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर विवादित बयानों और कथित आपत्तिजनक आचरण के चलते चर्चित इंफ्लुएंसर ज्योति अधिकारी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद यह आदेश दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ज्योति अधिकारी पर कुमाऊं क्षेत्र की सामाजिक व सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और लोक देवताओं के अस्तित्व पर सवाल खड़े करने जैसे गंभीर आरोप हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर खुलेआम दराती लहराने का वीडियो भी सामने आया था, जिसे पुलिस ने कानून-व्यवस्था के लिहाज से गंभीर माना।
गुरुवार शाम हुई थी गिरफ्तारी
मामले में मुखानी थाना पुलिस ने गुरुवार शाम ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई सामाजिक कार्यकर्ता जूही चुफाल की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई।
क्या हैं मुख्य आरोप
कुमाऊं की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग
लोक देवताओं को फर्जी बताते हुए उनके अस्तित्व पर सवाल
सोशल मीडिया पर भड़काऊ और असंवेदनशील बयान
सार्वजनिक रूप से हथियार (दराती) लहराने का वीडियो वायरल
आज हो सकती है जमानत की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को ज्योति अधिकारी के वकील जमानत के लिए पैरवी कर सकते हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
पूरे घटनाक्रम के बाद कुमाऊं क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।