श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। थाना श्रीनगर क्षेत्र अंतर्गत टम्टा मोहल्ला में एक किराए के कमरे से 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 08 जनवरी 2026 को टम्टा मोहल्ला निवासी श्रीमती मकानी देवी ने थाना श्रीनगर को सूचना दी कि उनके किराएदार युवक की कमरे में मृत्यु हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी श्रीनगर पुलिस बल एवं एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर मृतक के परिजन भी मौजूद मिले। कमरे के भीतर युवक का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने बताया कि युवक शाम के समय अपने कमरे पर लौटा था, जिसके कुछ समय बाद घटना की जानकारी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला फॉरेंसिक साइंस यूनिट (फील्ड यूनिट) को मौके पर बुलाया गया। टीम द्वारा घटनास्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।