श्रीनगर।
अलकनंदा नदी के तट पर चल रहे खनन कार्य के दौरान मजदूरों के लिए शौचालय की व्यवस्था न होने से नदी के प्रदूषित होने का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या-07 श्रीकोट गंगानाली की पार्षद गुड्डी देवी गैरोला ने इस गंभीर विषय को लेकर उपजिलाधिकारी श्रीनगर को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद गुड्डी देवी गैरोला ने आरोप लगाया कि खनन स्थल पर मजदूरों की झोपड़ियां सीधे नदी किनारे बनाई गई हैं, जबकि संबंधित ठेकेदार द्वारा शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते मजदूरों को खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे अलकनंदा नदी के प्रदूषित होने का खतरा बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि अलकनंदा जैसी पवित्र और जीवनदायिनी नदी के संरक्षण को लेकर प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए और ठेकेदार को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देने चाहिए। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है।
इस मामले में उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासन स्तर पर जांच कर नियमानुसार कदम उठाए जाने की बात कही गई है।