रुद्रप्रयाग।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में VB-G-RAM-G (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीवन मिशन ग्रामीण) को लेकर एक दिवसीय जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बतौर मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प है, जिसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि अब योजनाओं को केवल राहत तक सीमित न रखकर विकास से जोड़ने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए VB-G-RAM-G योजना लाई गई है। इस योजना के तहत रोजगार दिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 दिन की गई है। साथ ही 15 दिन के भीतर भुगतान, विलंब होने पर ब्याज का प्रावधान, अधिक मजदूरी दर, पंचायतों को योजना निर्माण का अधिकार जैसे कई नवाचारों से इस योजना को अधिक प्रभावी बनाया गया है।
इस अवसर पर जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में ग्रामीण क्षेत्र की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। नई योजना में स्थायी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। रोजगार दिवस और धनराशि में वृद्धि के साथ प्रशासनिक खर्च को 9 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है, जिससे योजना अधिक व्यावहारिक बन सके। खेती के समय श्रमिकों की कमी को देखते हुए 60 दिन की विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। योजना का फोकस जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका से जुड़े कार्यों और आपदा प्रबंधन पर रखा गया है, जिससे उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक राज्य को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण रोजगार में भ्रष्टाचार उन्मूलन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि सरकार की इस विकासपरक योजना की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं का दायित्व है। विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों का एकजुट होकर जवाब देना होगा। उन्होंने अभियान के अंतर्गत 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले मंडल सम्मेलन, किसान-श्रमिक चौपाल, संपर्क अभियान सहित अन्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल रोजगार देगी बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखेगी।
कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री अरुण चमोली एवं राय सिंह राणा ने किया।
कार्यशाला के समापन पर भाजपा की नीतियों एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कई ग्राम प्रधानों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें
विमला देवी (ग्राम प्रधान, बडासू),
राखी देवी (ग्राम प्रधान, धानी),
प्रियदीप नेगी (ग्राम प्रधान, सांकरी),
अनिल उनियाल (ग्राम प्रधान, ब्यूंग),
शुभम देवशाली (ग्राम प्रधान, देवशाल),
मिथिला देवी (ग्राम प्रधान, मनसूना) एवं
शंकर नेगी (ग्राम प्रधान, स्वारी ग्वांस) शामिल रहे।
कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अमर देई शाह, पूर्व जिला अध्यक्ष महावीर सिंह पवार, वाचस्पति सेमवाल, कार्यक्रम के जिला संयोजक जयप्रकाश सेमवाल, सह संयोजक यशवीर चौहान, अमित मैंखंडी, अभियान की जिला टोली, विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्षों सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।