देहरादून।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में आयोजित ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और स्वदेशी, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने युवाओं से ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सीएम ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर हम न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को फिट और जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि ऐसी पहलें युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ के माध्यम से युवाओं ने स्वस्थ भारत, स्वदेशी भारत और मजबूत भारत का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।